
अलवर, 22 अगस्त (वार्ता) राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनाव – 2026 को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने शुक्रवार को जिले में संयुक्त कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी गौरव मणि जौहरी ने शनिवार को बताया कि आबकारी निरोधक दल अलवर के आबकारी अधिकारी कूलभूषण मिश्रा के नेतृत्व में आबकारी दलों ने संयुक्त छापे एवं गश्त अभियान चलाया।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान दलों ने बरवाड़ा, बरवाड़ा बास, चिड़वाई, नाड़का, बिलासपुर, रूपारेल नदी, पाटा रायसिख बास, मुबारिकपुर और मिलकपुर क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान अवैध रूप से संचालित आठ शराब की भट्टियों को नष्ट किया गया। मौके से करीब 100 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार करीब 20 हजार लीटर वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। आबकारी विभाग की कार्रवाई में दो मामले दर्ज किए गए हैं।
