इंदौर:एमजी रोड थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं. अवंतिका गैस का बिल भरने के लिए व्हाट्सएप पर आई लिंक खोलने पर एक व्यक्ति के खाते से 97 हजार 500 रुपए निकल गए, जबकि दूसरे व्यक्ति का मोबाइल हैक कर खाते से 98 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए. दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
स्नेहलतागंज स्थित प्रीमियम पैराडाइज में रहने वाले सचिन गर्ग ने पुलिस को बताया कि अवंतिका गैस का बिल भरने के लिए उनके व्हाट्सएप पर बिल अपडेट करने के नाम से एपीके फाइल की लिंक आई थी. लिंक खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया.
इसी दौरान बैंक से ओटीपी के मैसेज आए, लेकिन तब तक उनके कॉसमॉस बैंक खाते से दो ट्रांजेक्शन के जरिए 49 हजार 500 और 48 हजार रुपए निकल चुके थे. 97 हजार 500 रुपए अज्ञात खाते में ट्रांसफर हुए. दूसरे मामले में आड़ा बाजार स्थित फरिन बैंगल्स के संचालक मोहम्मद शाहिद ने शिकायत की कि 15 अक्टूबर को उनका मोबाइल हैक हुआ था. घटना के करीब दो घंटे बाद बैंक स्टेटमेंट चेक करने पर पता चला कि उनके खाते से यूपीआई के जरिए 98 हजार रुपए जुबेर पासा नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए. पुलिस दोनों मामलों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन और संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है.
