ग्वालियर: शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर रखने एवं बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध अभियान चलाकर विशेष कार्यवाही की जा रही है। एएसपी अनु बेनीवाल को सूचना मिली थी कि शहर में कुछ ऑटो पार्टस के दुकानदार मॉडिफाइड साइलेंसर बेच रहे हैं। उक्त सूचना पर यातायात पुलिस की एक टीम थाना यातायात कम्पू निरी. धनंजय शर्मा व दूसरी टीम सूबेदार प्रवल सिंह के नेतृत्व में बनाई गई।
उक्त टीमों द्वारा यातायात के कर्मचारियों को सादा कपड़ों में मोटरसाईकिल के मॉडिफाइड साइलेंसर की तलाश करने हेतु शिन्दे की छावनी क्षेत्र में ऑटोमोबाइल, बाईक एसेसरीज की दुकानों पर भेजा गया। उक्त क्षेत्र के दुकानदारों द्वारा उन्हें विभिन्न प्रकार जैसे डोलफिन, डोलकिया, इन्दौरी आदि मॉडिफाइड साइलेंसर दिखाये गये। उक्त दोनों टीमों ने मोटरसाईकिल के मॉडिफाइड साइलेंसर का बिक्रय करने वाले दुकानदारों के संबंध में अपने-अपने टीम प्रभारियों को जानकारी दी गई।
दुकानों पर जाकर छापामार कार्यवाही की गई जिनमें चिराग ऑटोमोबाईल पर 12, कप्तान बुलेट एसेसरीज पर 30 व अजंता ऑटोमोबाईल पर 19 मॉडिफाइड साइलेंसर बिक्रय करने हेतु दुकानों पर रखे पाये गये। यातायात पुलिस द्वारा कुल 61 मॉडिफाइड साइलेंसर को जप्त कर दुकान संचालकों के विरूद्ध प्रकरण तैयार कर 15 दिसम्बर को न्यायालय में पेश किया जावेगा।
