
सीधी। नगर पालिका परिषद सीधी के कर्मचारी संघ अध्यक्ष बृजेश सिंह ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर अध्यक्ष श्रीमती काजल वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कर्मचारियों की यातनाएं नहीं रुकी तो बहुत जल्द हम सभी कर्मचारी साथी काम बंद कर हड़ताल पर जाएंगे।
श्री सिंह ने कहा कि गत दिनों मेरे संघ द्वारा अध्यक्ष के परिजनों पर नगर पालिका परिषद में अनैतिक रूप से दखल देने की शिकायत कलेक्टर एवं सीएमओ से की गई थी। जिसके चलते मुझे टारगेट करके पीआईसी की बैठक में निलंबित करने का प्रस्ताव भेजा गया है। मीडिया के जवाब में श्री गोरे ने कहा कि मुझे किसी भी प्रकार की कोई नोटिस नहीं मिली है लेकिन आपके लोगों के माध्यम से ही यह पता चला है कि जिस आरोप में मुझे निलंबित करने का प्रस्ताव भेजा गया है उसमें यह कहा गया है कि आपके द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नियम विरुद्ध तरीके से लिया गया है। जबकि मेरे द्वारा जो आवास योजना का लाभ लिया गया है पूरी तरह नियमानुसार ही है। उन्होंने यह भी कहा कि मेरे नगर पालिका के 17 कर्मचारी आवास योजना का लाभ लिए हैं और सभी ने नियमानुसार ही लाभ उठाया है। लेकिन मुझे सिर्फ इसलिए टारगेट किया गया है क्योंकि मेरे द्वारा अध्यक्ष के परिजनों को लेकर नगर पालिका परिषद में की जा रही दखलंदाजी का विरोध किया गया था। हालांकि यह विरोध सिर्फ मेरे द्वारा ही नहीं किया गया था उसमें सभी कर्मचारी साथी शामिल हैं। बता दें कि नगर पालिका परिषद सीधी की स्थिति दिनों दिन बिगड़ती जा रही है विकास के सारे कार्य ठप्प है।
