
बीना। बीना नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत संचालित वॉटर फ़िल्टर प्लांट का आज विधायक निर्मला सप्रे द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया। इस दौरान विधायक सप्रे ने प्लांट में पेयजल शुद्धिकरण की समस्त प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया और आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
निरीक्षण के दौरान विधायक सप्रे ने बीते तीन माह की टेस्ट रिपोर्टों का अवलोकन किया तथा पेयजल की फिजिकल, केमिकल एवं बायोलॉजिकल रिपोर्ट्स का विस्तार से अध्ययन किया। उन्होंने मौके पर ही जल का तत्काल फिजिकल टेस्ट कराए जाने के निर्देश दिए।
विधायक सप्रे ने फ़िल्टर प्लांट की सफाई की नियमित तिथि निश्चित करने, मशीनों के निर्धारित अंतराल पर मेंटेनेंस और फ़िल्टर की धुलाई का समय–सारणी तैयार कर उसे कड़ाई से पालन कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया और अनुपस्थित पाए जाने पर कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट परिसर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर भी जोर देते हुए प्लांट की पुताई एवं आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
विधायक निर्मला सप्रे ने कहा कि
“सुध पेयजल उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय-समय पर निरीक्षण एवं परीक्षण इसी कड़ी का हिस्सा हैं।”
उन्होंने आगे बताया कि यह अभियान यहीं समाप्त नहीं होगा। निरीक्षण की शुरुआत प्लांट से की गई है, आने वाले दिनों में नगरपालिका क्षेत्र की सभी पानी की टंकियों का निरीक्षण किया जाएगा और उनके पानी के नमूनों के फिजिकल, केमिकल एवं बायोलॉजिकल टेस्ट करवाए जाएंगे।
इसके साथ ही विधायक सप्रे ने घोषणा की कि नगरपालिका की समस्त पेयजल पाइपलाइन का निरीक्षण कराया जाएगा, तथा लाइन से होते हुए उपभोक्ता के घर तक पहुंचने वाले पानी का परीक्षण करवाया जाएगा, ताकि रास्ते में कहीं भी पानी दूषित न हो रहा हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
L
