बिलखते हुए कहा किसी भी दिन हो सकती है अनहोनी
सतना :मेहनत-मजदूरी करके जो कुछ भी कमा कर लाती हूं उसे छीनकर नशे में उड़ा देता है. बुरी तरह मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हुए घर में आग लगा देता है. यदि कार्रवाई न की गई तो एक दिन उसकी हत्या हो जाएगी. प्रताडि़त पत्नी ने एसपी ऑफिस पहुंचकर अपने पति से जान-माल की रक्षा की गुहार लगाई.
जिले के उचेहरा थाना अंतर्गत गोबरा कला निवासी श्रीमती संगीता केवट ने अपने पति तारा केवट की प्रताडऩा से तंग आकर जान-माल की रक्षा की गुहार लगाई है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एड. एसपी शिवेश सिंह बघेल को मांग पत्र सौंपते हुए संगीता ने बताया कि उसका पति न सिर्फ उसे बल्कि उसके बच्चों को भी भद्दी-भद्दी गालियां देता है. मेहनत मजदूरी करके जो कुछ भी कमाकर घर चलाने के लिए लेकर आती है, पति उसे छीन लेता है और नशे में उड़ा देता है.
जब नशा करने के लिए पैसे नहीं मिलते तो पति घर के बर्तन भाण्डे भी बेच देता है. यदि पति की नजरों से बचाकर कुछ पैसों से अपने बच्चों के लिए कपड़ा अथवा कोई सामान लेकर आती है तो पति उसे आग के हवाले कर देता है. इतना ही नहीं बल्कि एक बार तो उसके पति ने घर में ही आग लगा दी थी. जिसके चलते न सिर्फ मकान बल्कि कपड़े-लत्ते और ग्रहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया था. संगीता ने बिलखते हुए आगे बताया कि कड़ी मेहनत और संघर्ष करते हुए किसी तरह उसने अपनी 2 बेटियों के हाथ पीले कर दिए और वे अपने ससुराल में हैं.
लेकिन इसके बावजूद भी उसकी पति की असहनीय प्रताडऩा का संत्रास उसके साथ-साथ उसके एक बेटी और बेटा भी झेल रहे हैं. पति द्वारा बुरी तरह मारपीट करने के दौरान आए दिन इस बात की धमकी दी जाती है पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी और वह किसी भी दिन कैंची मारकर उसकी हत्या कर देगा. संगीता ने आगे बताया कि इससे पहले उसने उचेहरा थाने में कई बार जान-माल की रक्षा की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. जिसे देखते हुए वह सोमवार को सतना पहुंची और महिला थाने के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचकर इस बात की फरियाद की है कि उसके पति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए
