इंदौर:शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की. शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और व्यस्त चौराहों पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 121 वाहन गलत तरीके से खड़े मिले, जिन पर मौके पर चालान बनाए.कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो, ई-रिक्शा, कार और बस जैसे वाहनों को हटवाया, जो सड़क किनारे खड़े होकर रास्ता बाधित कर रहे थे.
कई स्थानों पर ये वाहन जाम की स्थिति पैदा कर रहे थे, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही थी. टीमों ने दुकानदारों और संस्थानों को भी निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने की समझाइश दी. ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में ही खड़े करें. अस्पतालों, बाजारों, बस स्टॉप और चौराहों के आसपास अनधिकृत पार्किंग न करें, क्योंकि गलत पार्किंग न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है बल्कि आपातकालीन सेवाओं और यातायात की सुचारू व्यवस्था में भी बड़ी बाधा बनती है.
