भोपाल: थाना गुलगंज पुलिस ने अवैध शराब प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक छतरपुर अगम जैन द्वारा ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।गौरतलब है कि मई 2025 में थाना गुलगंज पुलिस ने ग्राम मझगवां खुर्द में रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान खेत में छापा मारकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जप्त की थी।
पुलिस ने टपरे से 11 पेटियों में करीब 99 लीटर देशी मसाला, प्लेन और अंग्रेजी व्हिस्की बरामद की थी, जिसकी कीमत लगभग ₹51,000 आँकी गई थी। इस मामले में राजवीर सिंह निवासी ग्राम मझगवां खुर्द को आरोपी बनाया गया था, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा के बाद पुलिस ने लगातार तलाश तेज की और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में एसडीओपी बड़ा मलहरा रोहित अलावा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गुलगंज उप निरीक्षक गुरुदत्त शेषा, प्रधान आरक्षक विनोद मिश्रा, राजेंद्र रावत, कैलाश एवं आरक्षक कृष्ण प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
