श्योपुर: आज तड़के आसीदा और कंवरसली के बीच चंबल नहर में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गिर गया। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार दो युवकों में से एक तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि दूसरा युवक लापता है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
देहात थाना प्रभारी शशि तोमर ने बताया कि जैदा निवासी बादल आदिवासी और धनराज आदिवासी रात में ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहे थे। आसीदा के पास मोड़ पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार के कारण सीधे नहर में जा गिरा।
हादसे के तुरंत बाद धनराज आदिवासी किसी तरह नहर से बाहर निकलने में सफल रहा। उसने ग्रामीणों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू कार्य में जुट गई।क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को नहर से बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन लापता युवक बादल आदिवासी का सुराग अब तक नहीं लग पाया है। तेज बहाव और गहरी नहर होने के कारण एसडीआरएफ टीम को तलाश अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
