
पन्ना, पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक वयस्क नर बाघ की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना मिलते ही पन्ना टाइगर रिजर्व का अमला मौके पर पहुंचा। उक्त नर बाघ का शव पन्ना टाइगर रिजर्व के किशनगढ़ कोर के बृजपुरा क्षेत्र में पाया गया है। जिस जगह नर बाघ का शव मिला है वह अंत्यत दुर्गम स्थल है जो पहाड़ी इलाका होने के साथ ही तीन तरफ से नदी से घिरा हुआ है जहां पर आसानी से पहुंच पाना भी कठिन है। बाघ की मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है और पोस्टमार्टम तथा फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पन्ना टाइगर रिजर्व के उप संचालक वीरेंद्र पटेल ने बताया कि शनिवार दोपहर घटना की जानकारी मिलने पर वे स्वयं अत्यंत दुर्गम घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाघ के सभी अंग सुरक्षित है तथा कहीं भी चोट के निशान नही पाये गये है और प्रथम दृष्टया मामला प्राकृतिक मृत्यु का प्रतीत होता है। श्री पटेल ने बताया कि बाघ का अंतिम संस्कार एनटीसीए की गाइडलाईन के अनुसार कर दिया गया है।
