इंदौर:क्राईम ब्रांच की टीम ने सपना संगीता रोड स्थित गुलमर्ग कॉम्प्लेक्स के पास से एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर दबोचा, जिसके पास से 1.30 लाख की एमडी ड्रग्स बरामद हुई है. आरोपी पेशे से ग्राफिक डिजाइनर है, जो ज्यादा पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी के दलदल में उतर गया.एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम शहर में संदिग्धों की तलाश में गश्त कर रही थी, तभी गुलमर्ग कॉम्प्लेक्स के पास एक नीले-सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार युवक पुलिस को देखकर हड़बड़ाने लगा.
संदेह होने पर टीम ने उसे घेरा और पूछताछ की, तो वह गोलमोल जवाब देने लगा. जब पुलिस ने एक्टिवा की डिक्की की विधिवत तलाशी ली, तो उसमे 12.87 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी छिपाकर रखी गई थी. पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद अजीम निवासी सदर बाजार बताया. पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह केवल 12वीं कक्षा तक पढ़ा है और वर्तमान में ग्राफिक्स डिजाइनिंग का काम करता है.
उसने कबूला कि वह कम समय में अधिक पैसा कमाने की मंशा से बाहर से सस्ते में मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था. क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह यह खेप कहां से लाया था और शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था. आशंका है कि इस गिरफ्तारी से शहर के कुछ और बड़े ड्रग पैडलर्स के नाम सामने आ सकते हैं.
