शिवपुरी में बागेश्वर बाबा की कथा से पहले निकली 3 किमी लंबी भव्य कलश यात्रा, शहर भर में हुआ स्वागत

शिवपुरी: शिवपुरी में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीमद् भागवत कथा कल 24 नवंबर से शुरू होगी। इससे एक दिन पहले आज रविवार की सुबह 2100 कलशों के साथ तीन किलोमीटर लंबी भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा का शहर में जगह जगह भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के लिए शहर की सड़कों को भव्यता से सजाया गया था। आयोजकों ने घर-घर जाकर पीले चावल बांटे। कथा की शुरुआत से पहले 2500 शंखनाद किए जाएंगे। गिनीज बुक में दर्ज 2100 शंखनाद का रिकॉर्ड टूट जाएगा।

आज रविवार सुबह 8 बजे राजेश्वरी मंदिर से कलश यात्रा शुरू हुई। यह गुरुद्वारा चौराहा, झांसी तिराहा और हवाई पट्टी रोड से होते हुए कथा स्थल पहुंची। यात्रा डीजे-बैंड के साथ तीन किलोमीटर तक चली। इसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।कलश यात्रा में भीड़ को देखते हुए शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक डायवर्ट रहा। माधव चौक, गुरुद्वारा चौराहा, झांसी तिराहा, ग्वालियर नाका, गुना नाका, आईटीआई तिराहा और स्टेडियम टर्न एरिया में भारी वाहनों पर रोक लगा दी गई है। गुरुद्वारा चौराहे से अग्रसेन चौराहे तक वाहनों की पूर्णत: नो-एंट्री है। कलश यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की पार्किंग पोलो ग्राउंड में की गई है।

लुधावली स्थित नर्सरी मैदान में 65 बीघा क्षेत्र में कथा स्थल बनाकर तैयार किया गया है। वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है। मुख्य मंच तैयार है। दोनों ओर दो बड़े टेंट लगाए गए हैं, जिनमें एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है। भंडारे के लिए दो टेंट बनाए गए हैं। प्रवेश के लिए चार मुख्य गेट बनाए गए हैं। 200 वॉलेंटियर और 1600 सेवादार तैनात किए गए हैं। सीता रसोई में 250 हलवाई रोजाना 35 हजार श्रद्धालुओं का भोजन बनाएंगे।सुरक्षा के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। कथा स्थल और पार्किंग में 100 से अधिक कैमरे लगाए गए हैं। एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। करीब 1000 पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। प्रवेश द्वार पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं, जहां जांच के बाद ही श्रद्धालुओं को प्रवेश मिलेगा।

Next Post

आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वदेशी को अपनाना होगा

Sun Nov 23 , 2025
जबलपुर: भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर द्वारा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के तहत प्रोफेशनल सम्मेलन का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, अभियान के जिला संयोजक डॉ जितेंद्र जामदार, विधायक अशोक रोहाणी की उपस्थिति में आईएमए हाल राइट टाउन में किया गया।प्रोफेशनल सम्मेलन को सम्बोधित करते हुये मुख्य वक्ता डॉ […]

You May Like