बस की टक्कर से घायल महिला ने तोड़ा दम

इंदौर: उज्जैन रोड पर शुक्रवार शाम शुक्ला ब्रदर्स की बस से हुए हादसे में घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. शनिवार को एमवाय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने तेज रफ्तार बसों पर कार्रवाई और स्पीड लिमिट लागू करने की मांग उठाई है.एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि उज्जैन रोड पर शुक्रवार को हुए गंभीर हादसे में घायल महिला 50 वर्षीय कलाबाई की मौत हो गई.

मृतका का शनिवार को एमवाय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया. यह हादसा शुक्ला ब्रदर्स के बेड़े में चलने वाली बाणेश्वरी ट्रेवल्स की बस से हुआ था. बस की तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर घटना स्थल पर मौजूद लोगों में काफी आक्रोश था. दुर्घटना के बाद भीड़ ने बस में तोड़फोड़ कर ड्राइवर और क्लीनर से मारपीट भी की थी. इस घटना का वीडियो भी सामने आया था.

ज्ञात हो कि हादसा शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुआ था, बस ने बाइक सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे. इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई. परिजन मोहम्मद अलीम खान ने बताया कि उनका परिवार पहले नरवल में रहता था और कुछ माह पूर्व कायता, उज्जैन में शिफ्ट हुआ था. शुक्रवार को वे एसआईआर का फॉर्म लेने इंदौर आए थे.

शाम को घर लौटते समय पीछे से आई बस ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में मोहम्मद आजम की पत्नी कलाबाई की मौत हो गई, मोहम्मद आजम मजदूरी करते हैं और मृतका गृहणी थीं. उनके दो बच्चे हैं. परिजनों ने मांग की है कि तेज रफ्तार में दौड़ने वाली ऐसी बसों पर कार्रवाई की जाए और उज्जैन रोड पर स्पीड लिमिट को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके.

Next Post

एमपी मेट्रो प्रबंध संचालक ने किया निरीक्षण

Sun Nov 30 , 2025
इंदौर:शहर में निर्माणाधीन मेट्रो रेल योजना के बचे कार्यों को लेकर प्रबंध संचालक ने दौरा किया. दौरे में उन्होंने मेट्रो अधिकारियों को प्राथमिक कॉरिडोर के स्टेशन के कार्य समय पर करने के निर्देश दिए. साथ ही अंडर ग्राउंड लाइन की विस्तार से ठेकेदार एजेंसियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की.मध्य प्रदेश […]

You May Like