
सीतामऊ। सुवासरा थाना क्षेत्र के बसई गांव में बीती रात ट्रैक्टर चोरी के प्रयास और बदमाशों द्वारा हवाई फायरिंग की घटना के बाद शनिवार शाम सीतामऊ, सुवासरा और शामगढ़ थानों की संयुक्त टीम ने कंजर डेरों पर योजनाबद्ध दबिश दी। कार्रवाई का नेतृत्व एसडीओपी दिनेश प्रजापति ने किया। तीनों थानों के थाना प्रभारियों तथा पुलिस बल ने मोटरसाइकिलों से जंगल क्षेत्रों में पहुँचकर कंजर ढेरों की घेराबंदी की।
ड्रोन कैमरे की मदद से पुलिस ने भागने की कोशिश करने वाले संदिग्धों पर भी नजर रखी। करीब एक घंटे तक चले इस ऑपरेशन में कई स्थानों की तलाशी ली गई। चंबल किनारे इस तरह की चोरी, लूट और वाहन चोरी की वारदातों में कंजर गिरोह पर पहले भी संदेह जताया जाता रहा है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर रोक और बदमाशों पर दबाव बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
