
सेंधवा। वरला थाना क्षेत्र के उमर्टी में शनिवार पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की टीम ने सुबह 4 बजे दबिश देकर की। अभियान में दोनों राज्यों के 250 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुणे पुलिस, मध्य प्रदेश एटीएस, बड़वानी, खरगोन व खंडवा पुलिस की टीमें इस कार्रवाई में मौजूद थी।
पुलिस को मौके से हथियार निर्माण में उपयोग होने वाली भारी मात्रा में सामग्री, मशीनें, औजार व उपकरण बरामद हुए। कई अधबने कट्टे और पिस्टल भी मिले हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब्त सामग्री से लगभग 500 से अधिक अवैध हथियार तैयार किए जा सकते थे। यह फैक्ट्री जंगल और पहाड़ी क्षेत्र की आड़ में लंबे समय से संचालित हो रही थी।
एसपी जगदीश डावर ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थी, जिसके बाद टीम ने कई दिनों तक क्षेत्र में गुप्त निगरानी की। पुख्ता इनपुट मिलने के बाद शनिवार सुबह संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। उन्होंने अवैध हथियार तस्करों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया। बरामद हथियारों और उपकरणों की जांच फोरेंसिक टीम करेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि हथियार किन जिलों व राज्यों में सप्लाई किए जा रहे थे।
10 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क कई जिलों में फैला हो सकता है और इसके पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है। टीम अब जब्त मोबाइल फो, दस्तावेजों और कॉल डिटेल्स के आधार पर पूरे नेटवर्क की कडिय़ां तलाश रही है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
एसपी ने बताया महाराष्ट्र पुलिस 7 आरोपियों राजपालसिंह पिता प्रधानसिंह उम्र 35 साल नि उमर्टी, नानक पिता अजितसिंग उम्र 31 साल नि उमर्टी, गुरूचरणसिंग पिता आवसिंग उम्र 24 साल निउमर्टी, बच्चनसिंग पिता दिवानसिंग उम्र 37 साल नि उमर्टी, जशवीर पिता प्रकाश सिंग उम्र 22 साल नि उमर्टी प्रविण पिता उत्तमसिंग टकराना उम्र 29 साल नि उमर्टी एवं अलोकसिंग पिता जोहरसिंग उम्र 27 साल नि उमर्टी को पकड़ कर ले गई।
