गुना: जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भिलेरा के निकट बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सडक़ हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब गुना तरफ से आ रहे ट्रक और तेज रफ्तार कार को जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन युवकों की मौके पर ही जान चली गई। चार घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रैफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों में आकाश पिता राजू चौरसिया निवासी मेहगांव (भिंड), नमोनारायण मीना निवासी श्योपुर तथा मनीष कुमार जाटव निवासी चांचौड़ा जिला गुना शामिल हैं। जबकि घायलों में योगेश करोलिया पिता प्रेमचंद्र निवासी व्हीआईपी कॉलोनी गुना, पारस करोलिया पिता होतम करोलिया निवासी नेहरू नगर भोपाल पुलिस लाइन, सूरज जाटव पिता रमेश जाटव निवासी आरोन गुना एवं अजय शाक्य पिता निरंजन शाक्य निवासी मुरैना शामिल हैं। घायलों में से योगेश करोलिया और पारस करोलिया की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार सभी युवक वेटनरी के प्रैक्टिस डॉक्टर थे जिन्होंने साथ में पढ़ाई की थी। बुधवार की रात वे सभी अपने एक साथी की शादी समारोह में शामिल होने आरोन पहुंचे थे। देर रात करीब 2 बजे जब वे सभी कार से वापस लौट रहे थे, तभी बजरंगगढ़ के निकट ग्राम भिलेरा के पास सामने से आ रहे ट्रक ने तेज रफ्तार में उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। देर रात होने के कारण रोड पर आवागमन भी नहीं था।
इस दौरान काफी देर तक घायल मौके पर ही पड़े। बाद में किसी राहगीर के पहुंचने पर उसने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचा। जानकारी के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि सामने से आ रहे ट्रक तक टक्कर में पलटी खा गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल रैफर किया गया।
