
नई दिल्ली, 20 नवंबर 2025: कर्नाटक के बेंगलुरु में मंगलवार (20 नवंबर) को अपराधियों ने एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया। जयनगर के अशोक स्तंभ के पास दिनदहाड़े एटीएम फंड ले जा रही सीएमएस कैश वैन को रोककर करोड़ों रुपए लूट लिए गए। शिकायत के अनुसार, कैश वैन में ₹7,11,00,000 (सात करोड़ ग्यारह लाख रुपये) की नकदी थी। अज्ञात डकैतों ने इनोवा कार से आकर खुद को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से होने का दावा किया और कैश वैन के कर्मचारियों को धमकाया।
कस्टोडियन और गनमैन को अगवा कर लूटी रकम
डकैतों ने कस्टोडियन आफताब और गनमैन राजन्ना व तम्मय्या को जबरन अपनी इनोवा में बिठा लिया और उन्हें अगवा कर लिया। इसके बाद, पिस्तौल से लैस अज्ञात व्यक्तियों ने ड्राइवर को धमकाया और डेयरी सर्कल फ्लाईओवर पर गाड़ी से पूरे ₹7.11 करोड़ लूट लिए और घटनास्थल से फरार हो गए। वारदात के दौरान ड्राइवर विनोद कुमार को अकेले ही कैश गाड़ी चलाने के लिए कहा गया था।
पुलिस ने अज्ञात डकैतों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की
शिकायतकर्ता और सीएमएस एफआईटी मैनेजर फारूक पाशा ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने जीपीआरएस चेक किया और पाया कि गाड़ी होसुर रोड, डेयरी सर्कल के पास मौजूद है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि डकैत टाटा योद्धा वाहन का डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं। पुलिस ने अज्ञात डकैतों की पहचान करने और उन पर कानूनी कार्रवाई करने के लिए शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
