स्विमिंग कोच ने लगाई मौत की छलांग, लिव-इन पार्टनर हिरासत में

इंदौर:राऊ क्षेत्र में देर रात एक स्विमिंग कोच ने फ्लैट की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी. घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के हिस्से के रूप में महिला के लिव-इन पार्टनर को हिरासत में ले लिया है.एएसपी कृष्णा लालचंदानी ने बताया कि देर रात करीब एक बजे राऊ बायपास स्थित पलाश परिसर में 33 वर्षीय स्विमिंग कोच निकिता कजरिया मृत पाई गईं. नीचे गिरा शव देखने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

मौके पर थाना प्रभारी राज राठौर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि निकिता पिछले लगभग दस वर्षों से असीम राजन नाम के युवक के साथ लिव-इन में रह रही थीं और दोनों इसी फ्लैट में किराए पर रहते थे. पुलिस ने रात में ही असीम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं. पुलिस निकिता के दोस्तों और परिवार से भी जानकारी जुटा रही है कि क्या वह किसी तनाव या निजी विवाद से गुजर रही थीं.

निरीक्षण के दौरान पुलिस को रसोई में सिलेंडर खुला मिला. कृष्णा लालचंदानी ने बताया कि निकिता ने संभवतः पहले आग लगाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर बालकनी से छलांग लगा दी. उन्होंने यह भी बताया कि निकिता और असीम पहले से विवाहित थे और अपने-अपने साथियों को छोड़कर साथ रह रहे थे. घटना से पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था. पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

Next Post

साइबर पाठशाला में 300 छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचाव का सबक

Thu Nov 20 , 2025
इंदौर: बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए शहर में छात्रों को डिजिटल सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के लिए पुलिस द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को फाइनेंशियल फ्रॉड से लेकर सोशल मीडिया जोखिमों तक के वास्तविक उदाहरणों के साथ सतर्क रहने के तरीके बताए गए.साइबर अपराधों पर नियंत्रण और जागरूकता […]

You May Like