
भोपाल: बीएचईएल भोपाल में आज “एचटी मोटर – डिजाइन, विनिर्माण, परीक्षण, इंस्टॉलेशन एवं कमीशनिंग तथा मेंटेनेंस” विषय पर एम/एस एनटीपीसी के अधिकारियों के लिए तीन दिवसीय ग्राहक प्रशिक्षण कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन जीएम (ईएम) विकास खरे, एजीएम (एचआरडी) एवं एचओडी सुरेखा बंचोर और एजीएम (एसएसएम) आर.के. माइकल द्वारा किया गया। इस विशेष तकनीकी प्रशिक्षण में एनटीपीसी के कुल 26 अधिकारी भाग ले रहे हैं। उमेश कुमार सावले और तरुण के. कौशिक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए खरे ने एनटीपीसी को बीएचईएल का अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित ग्राहक बताते हुए कहा कि संगठन सदैव उच्च दक्षता, उत्कृष्ट उत्पाद गुणवत्ता और त्वरित सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले चार दशकों में बीएचईएल के मोटर डिजाइन समूह ने 20,000 से अधिक एचटी और एलटी एसी मशीनें देश और विदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए डिजाइन की हैं।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए माइकल ने कहा कि प्रशिक्षण तभी सार्थक होता है जब वह व्यावहारिक अनुभव से जुड़ा हो। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम बीएचईएल और एनटीपीसी दोनों के लिए एक पारस्परिक सीखने का मंच है। उन्होंने प्रतिभागियों से उपकरणों की महत्वपूर्णता, संचालन संबंधी चुनौतियों और तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक सहयोग को समझने पर जोर दिया तथा आगामी शॉप फ्लोर विज़िट के दौरान सक्रिय संवाद के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व बंचोर ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रशिक्षण मॉड्यूल की जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन सावले द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिन्होंने संचालन भी किया।
