खरगे, राहुल, प्रियंका ने बिहार में बाढ़ की तबाही पर जताया दुख

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिहार में बाढ़ से हुई जनहानि एवं तबाही पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सरकार से राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने की अपील की है।

श्री खरगे ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा “बिहार के 15 जिलों में करीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और हजारों गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। सरकार और प्रशासन से राहत, बचाव, चिकित्सा सहायता तथा पुनर्वास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ने और प्रभावित परिवारों तक सहायता अविलंब पहुंचाने की अपील है।”

श्री गांधी ने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ सहानुभूति जताई है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने की अपील करते हुए सरकार और प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता से चलाकर पीड़ितों को जरूरी सहायता जल्द से जल्द पहुंचाने की अपेक्षा भी की है।

श्रीमती वाड्रा ने बिहार में भयानक बाढ़ से हुई तबाही को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा ‘”प्रदेश के लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और बड़ी संख्या में जन-धन की हानि हुई है। सरकार से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रभावित लोगों की यथासंभव मदद करने का आग्रह है।’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में आपदा से प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

.....

Next Post

975 वर्षों की परंपरा कायम, जीर्णशीर्ण मठ के बाजू में सजा गणेश पंडाल

Tue Sep 15 , 2026
पांढुरना: नगर के गणेश वार्ड स्थित 1600 वर्ष पुराने वीरशैव लिंगायत गणेश मठ में बीते 975 वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर नौ दिवसीय गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। जर्जर हो चुके मठ के पुनर्निर्माण कार्य के चलते इस वर्ष प्रतिमा को […]

You May Like