
छतरपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज छतरपुर जिले के दौरे पर आ रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे खजुराहो के पास पन्ना-छतरपुर बॉर्डर स्थित पन्ना टाइगर रिजर्व की सीमा पर बने राजगढ़ ग्राम पंचायत में न्यूली-डेवलप्ड द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस का शुभारंभ करेंगे।
सीएम के आगमन को लेकर जिले में तैयारियाँ पूरी कर ली गईं हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एसपी अगम जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पैलेस परिसर, आसपास के क्षेत्रों और मुख्य प्रवेश मार्गों का सुरक्षा मूल्यांकन किया।
कलेक्टर ने खजुराहो एयरपोर्ट से लेकर राजगढ़ पैलेस के नजदीक स्थित हैलीपेड स्थल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को लॉ एंड ऑर्डर, यातायात व्यवस्था, अतिथि प्रबंधन और सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उधर,सीएम पन्ना जिले के शाहनगर में विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। चंद्रनगर के पांच सितारा लग्जरी होटल से प्रदेश सहित जिले में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा। देश के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक भी हमारी समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक धरोहर और वन्य प्राणी पर्यटन की ओर आकर्षित होंगे।
राज्य सरकार द्वारा राजगढ़ पैलेस के नवीनीकरण और जीर्णोंद्धार कर उसे पांच सितारा होटल के रूप में संचालित करने के लिए ओबेरॉय समूह को लीज पर दिया गया है। द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस चंद्रनगर के पास मानगढ़ और मनियागढ़ की पहाड़ियों के मध्य हर-भरे वातावरण के बीच स्थित है। बुन्देला राजवंश द्वारा निर्मित 350 साल पुराना यह महल भारतीय स्थापत्य और पारंपरिक बुंदेलखंड की विशेषताओं का मिश्रण है। द ओबेरॉय समूह द्वारा विकसित राजगढ़ पैलेस होटल में महलनुमा रेस्टोरेंट, भव्य बैंक्वेट हॉल सहित 66 भव्य कक्ष उपलब्ध हैं। यह कॉर्पोरेट आयोजन, डेस्टीनेशन वेडिंग्स, सामाजिक समारोह आदि के लिए आदर्श स्थान के रूप में स्थापित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत शाहनगर के खेल परिसर आमा में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव यहाँ 82.62 करोड़ के 14 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।
