टोक्यो, 16 नवंबर (वार्ता) दक्षिण-पश्चिमी जापान के कागोशिमा प्रान्त में सकुराजिमा ज्वालामुखी में रविवार सुबह विस्फोट होने से 4,400 मीटर ऊपर तक धुएं का गुबार उठ रहा है।
जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने बताया कि मिनामिडके क्रेटर में विस्फोट होने से 4,000 मीटर ऊपर तक राख और धुएं का गुबार उठा। इसमें किसी के घायल होने और इमारतों को नुकसान पहुंचने की तत्काल कोई खबर नहीं है। ज्वालामुखी में विस्फोट को देखते हुए जेएमए ने कागोशिमा, कुमामोटो और मियाज़ाकी प्रान्त के कुछ हिस्सों में राख गिरने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम अधिकारियों ने ज्वालामुखी गतिविधि के अलर्ट स्तर को अपने पांच-बिंदु पैमाने पर तीन पर बनाए रखा है।
गौरतलब है कि जापान के दक्षिण-पश्चिमी मुख्य द्वीप दक्षिणी क्यूशू के कागोशिमा खाड़ी में स्थित सकुराजिमा तीन चोटियों वाला एक सक्रिय ज्वालामुखी है।
