Sagarika Ghatge Insecurity: सागरिका घाटगे शुरुआत में शाहरुख खान की फिल्म करने से डर गई थीं। 16 लड़कियों की बड़ी कास्ट में अपनी पहचान खोने की इनसिक्योरिटी के कारण वह ऑडिशन नहीं देना चाहती थीं।
बॉलीवुड की चमक-दमक भरी दुनिया में हर कलाकार का सफर आसान नहीं होता। कई बार टैलेंट होने के बावजूद डर, असमंजस और इनसिक्योरिटी रास्ता रोक लेती है। ऐसी ही एक दिलचस्प कहानी है अभिनेत्री सागरिका घाटगे की, जिन्होंने शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘चक दे इंडिया’ से बॉलीवुड में कदम रखा, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि वह इस फिल्म का हिस्सा बनना ही नहीं चाहती थीं।
सागरिका घाटगे का जन्म 8 जनवरी, 1986 को हुआ था। सागरिका आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही है। सागरिका घाटगे महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के कागल शहर के शाही परिवार से ताल्लुक रखती हैं। राजघराने की बेटी होने के बावजूद उनका झुकाव हमेशा से अभिनय की ओर रहा। इसकी एक बड़ी वजह उनके पिता विजयेंद्र घाटगे रहे, जो हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता रहे हैं और ‘चितचोर’, ‘अनपढ़’ और ‘कसम भगवान की’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। हालांकि शाही परिवार में फिल्मों में काम करना कोई बड़ी बात नहीं मानी जाती थी, फिर भी सागरिका के मन में एक्टिंग का सपना था।
