
सिंगरौली 1 फरवरी। जिले के सरई इलाके में गौवंश के साथ की गई अमानवीय हरकत ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा भूसे में जहरीला पदार्थ मिलाकर गौवंश को खिला दिया गया, जिससे तीन गौवंश की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद वार्ड क्रमांक 3 छुहीगड़ई की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बीते दिन शनिवार को स्थानीय लोगों ने वार्ड क्षेत्र में कुछ गौवंश को बीमार अवस्था में पड़े देखा, जबकि दो गौवंश मृत हालत में मिले। मामले की सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने बीमार गोवंशों के इलाज के लिए पशु चिकित्सकों को बुलवाया और उनका उपचार शुरू कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान एक और गौवंश ने दम तोड़ दिया। इस प्रकार कुल तीन गौवंश की मौत हो चुकी है। सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात लोगों ने भूसे में महुआ और कुछ अन्य संदिग्ध जहरीले पदार्थ मिलाकर उसे खुले में रख दिया था, जिसे गौवंश ने खा लिया। इसी के चलते यह हादसा हुआ है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से मिले महुआ व भूसे के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछतांछ कर रही है।
