रतलाम: शहर में एक महिला नर्स के साथ दुष्कर्म और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य विभाग का पूर्व आउटसोर्स कर्मचारी अजहर खान न सिर्फ उसके साथ ज्यादती कर चुका है, बल्कि उसके पति और बच्चियों को जान से खत्म करने की धमकी भी दे रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
36 वर्षीय पीड़िता दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र की निवासी है और एक निजी क्लिनिक में सपोर्ट स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत है। पीड़िता के अनुसार उसकी आरोपी अजहर खान (निवासी नाहरपुरा) से जान-पहचान कोविड ड्यूटी के दौरान हुई थी। उस समय अजहर स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी था। शिकायत के मुताबिक पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 29 जून को जब वह ड्यूटी पूरी कर घर जाने की तैयारी कर रही थी, तब अजहर क्लिनिक पहुंचा और बातचीत का बहाना बनाकर उसे अंदर के कमरे में ले गया। वहां उसने प्रेम का नाटक कर जबरदस्ती करने की कोशिश की।
