भोपाल: मध्यप्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने और उत्तरी हवाओं के तेज़ी से बहने के कारण ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। कई जिलों में शीतलहर और तीव्र शीतलहर की स्थिति से रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक यही हालात बने रहेंगे, जिसके बाद मामूली राहत के संकेत मिल सकते हैं।
गुरुवार रात से शुक्रवार सबेरे तक भोपाल, इंदौर और राजगढ़ में तीव्र शीतलहर का असर देखा गया, जबकि सीहोर, शाजापुर, रीवा, शहडोल, जबलपुर और शिवपुरी में शीतलहर चलती रही। रात का सबसे कम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में दर्ज किया गया। प्रदेश के नौ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। दिन का अधिकतम तापमान खजुराहो में 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वातावरण में नमी बेहद कम है। मौसम विज्ञानी पी.के. रायकवार ने बताया कि उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते ठंड और बढ़ी है तथा रात के तापमान में गिरावट का रुझान जारी है। यह स्थिति कम से कम तीन दिनों तक बनी रह सकती है।
प्रदेश में आसमान पूरी तरह साफ है और आसपास के राज्यों में भी ठंड में वृद्धि हुई है, जिसका असर मध्यप्रदेश पर भी पड़ रहा है। हालांकि तीन दिन बाद हवाओं के रुख में बदलाव की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।
