सतना: कोलगवा थाना क्षेत्र के कृष्णनगर सरस्वती स्कूल रोड पर स्थित एक खंडहरनुमा मकान में नीम के पेड़ से ऑटो चालक का शव झूलता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त आदर्श नगर हवाई पट्टी निवासी अरुण वर्मन (45 वर्ष) पिता स्व. रामगणेश वर्मन के रूप में की, जो पेशे से ऑटो चालक थे और किराए की ऑटो से बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने का काम करते थे।
परिजनों के अनुसार, मृतक अरुण वर्मन कल दोपहर लगभग 3 बजे बच्चों को लेने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। रात 8 बजे तक जब संपर्क नहीं हुआ तो परिजन और ऑटो मालिक दोनों ने उनकी तलाश शुरू की। सुबह करीब 8 बजे सरस्वती स्कूल रोड के पास खड़ी ऑटो दिखी, तो परिजनों को संदेह हुआ। जब उन्होंने पास के खंडहरनुमा मकान में जाकर देखा, तो नीम के पेड़ में नायलॉन की रस्सी से शव झूलता मिला।
कोई घटना अथवा साजिश
परिजनों का कहना है कि शव की स्थिति संदिग्ध है, क्योंकि रस्सी से झूलने के बावजूद शव का पैर जमीन को छू रहा था। मृतक के पुत्र प्रांशु वर्मन ने बताया कि उनके पिता आत्महत्या नहीं कर सकते, संभवतः उनके साथ कोई घटना या साजिश हुई है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
