
भिंड। जिले के गोहद में स्थित डांग पहाड़ गांव क्षेत्र में अवैध खदान पर कार्रवाई करने माइनिंग विभाग की टीम पहुंची, लेकिन स्थानीय दबंगों ने खनिज अधिकारियों की टीम को घेर लिया। टीम द्वारा जब पत्थर से भरा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया, तभी माफिया ने ट्रैक्टर छीन लिया और टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की भी कोशिश की। अब तक किसी थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। खनिज निरीक्षक का कहना है कि स्थानीय लोगों के भारी दबाव के चलते टीम को ट्रैक्टर वहीं छोड़ना पड़ा।
माइनिंग विभाग को सूचना मिली थी कि डांग पहाड़ एरिया में बिना अनुमति अवैध खनन हो रहा है और पत्थरों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से ढोया जा रहा है। इस पर खनिज निरीक्षक गणेश विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान एक ट्रैक्टर में बड़ी मात्रा में अवैध पत्थर भरे मिले। जब टीम ने वाहन जब्त कर थाने ले जाने की तैयारी की, तभी कुछ लोग मौके पर पहुंचे और विरोध करने लगे। खनिज निरीक्षक गणेश विश्वकर्मा ने बताया कि टीम ने जब अवैध रूप से पत्थर भरते ट्रैक्टर को पकड़ा, तो क्षेत्रीय लोगों ने आकर विरोध किया। उन्होंने दबाव बनाकर ट्रैक्टर छुड़ा लिया।
