भोपाल: वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा तथा विचारक भास्कर राव रोकड़े ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में घोषणा की कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती के अवसर पर 19 नवंबर 2025 को भोपाल के रवींद्र भवन स्थित मुक्ताकाश मंच पर राष्ट्रीय स्तर का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने 12 जुलाई 2024 को गृह मंत्रालय द्वारा 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” घोषित करने की अधिसूचना की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस अधिसूचना के बाद देश में इंदिरा गांधी के विरुद्ध सुनियोजित दुष्प्रचार शुरू कर दिया गया।
भास्कर राव रोकड़े ने कहा कि 1960 और 1970 के दशक में एकाधिकारवादी पूंजीवाद और राजाओं-महाराजाओं के प्रभाव के कारण समाज में असमानता बढ़ रही थी। ऐसे कठिन समय में इंदिरा गांधी ने क्रांतिकारी निर्णय लेकर देश में समतामूलक और सर्वांगीण विकास की नींव रखी। उन्हीं के विचारों से प्रेरित होकर रोकड़े ने 2 मई 2022 को रीवा से “सम्यक अभियान” की शुरुआत की, जो नौ प्रमुख सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर केंद्रित है।
इस अभियान का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराना, निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को शोषण से मुक्ति दिलाना, श्रम कानूनों में सुधार करना, सामुदायिक खेती को बढ़ावा देना और पूर्व राजाओं-महाराजाओं की अनुपयोगी संपत्तियों को सरकारी घोषित कर जनकल्याण में लगाना है। रोकड़े ने बताया कि इन्हीं विचारों से प्रेरित चार वर्षीय “इंदिरा ज्योति अभियान” फिलहाल मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में सक्रिय है।
उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के तहत अब तक 107 आयोजन पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 108वां और अंतिम समारोह भोपाल में राष्ट्रीय आयोजन के रूप में होगा। रोकड़े ने यह भी घोषणा की कि 6 जनवरी 2026 को छिंदवाड़ा के चिटनिस गंज से “इंदिरा ज्योति यात्रा” का शुभारंभ किया जाएगा — वही स्थान जहाँ महात्मा गांधी ने 1921 में असहयोग आंदोलन शुरू किया था।
पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, जिन्हें सम्यक अभियान का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है, ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेता भंवर जितेंद्र सिंह के निर्देश पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में 11 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया है ताकि समारोह को राष्ट्रीय स्तर पर सफल बनाया जा सके।
