
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश टेक्सटाइल सेक्टर का हब बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। धार जिले में पीएम मित्रा पार्क का भूमि-पूजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितम्बर को करेंगे। उन्होंने उद्योगपतियों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराएगी। डॉ. यादव बुधवार को कोलकाता में आयोजित इन्वेस्ट इन एमपी इंटरैक्टिव सेशन को संबोधित कर रहे थे, जिसमें 14,600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ऑर्गेनिक कॉटन का बड़ा उत्पादक है जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मांग है। राज्य की रणनीतिक स्थिति, उत्तम कनेक्टिविटी, विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा और औद्योगिक शांति इसे आदर्श निवेश स्थल बनाते हैं। पीएम मित्रा पार्क से टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग को वैश्विक पहचान के साथ रोजगार और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
सेशन में उद्योगपति पवन कुमार रुइया (रुइया ग्रुप) ने 4200 करोड़, विक्रम सोलार ने 10,150 करोड़, इसेन बायोग्रीन ने 150 करोड़ और अजंता शूज ने 100 करोड़ के निवेश प्रस्ताव दिए। कुल 16,900 से अधिक रोजगार सृजित होंगे। प्रमुख सचिव श्री राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राज्य में इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, सस्ती बिजली और ग्रीन इंडस्ट्रीज़ के लिए विशेष छूट उपलब्ध है।
धार का पीएम मित्रा पार्क 2,158 एकड़ में विकसित हो रहा है, जो करीब 3 लाख प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित करेगा। अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, CETP, सौर ऊर्जा संयंत्र और प्लग-एंड-प्ले यूनिट्स के साथ यह पार्क भारत को वैश्विक वस्त्र महाशक्ति बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
