इंदौर: खुड़ैल थाना क्षेत्र में इंदौर-नेमावर रोड पर दो फाटा के समीप एक तेज रफ्तार कंटेनर ने स्कूटर सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटर सवार दोनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उपचार के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
खुड़ैल थाना पुलिस के अनुसार, यह हादसा बीती दोपहर इंदौर-नेमावर रोड पर घटित हुआ। ग्राम धमनाय निवासी फरियादी गोविंद पिता ओमप्रकाश कुमावत की रिपोर्ट पर पुलिस ने कंटेनर क्रमांक जीजे 01 केटी 1034 के चालक के खिलाफ तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। फरियादी गोविंद ने बताया कि उनके फूफा रूपनारायण और साथी अभिषेक स्कूटर पर सवार होकर नेमावर रोड से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे बेकाबू कंटेनर ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर जमा हुई भीड़ ने दोनों घायलों को उठाकर निजी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रूपनारायण ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल अभिषेक का उपचार जारी है। खुड़ैल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंटेनर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
