
रीवा।जिले में रासायनिक खाद विशेषकर यूरिया की मांग लगातार बनी हुई है. यूरिया खाद की दो रैक जिले को प्राप्त हुई हैं जिनका वितरण लगातार किया जा रहा है. जिले के पाँच डबल लॉक केन्द्रों तथा सहकारी समितियों से किसानों को खाद दी जा रही है. डबल लॉक केन्द्रों में किसानों को ऋण पुस्तिका के आधार पर टोकन दिया जाता है. टोकन में दर्ज दिनांक को किसान निर्धारित मात्रा में खाद गोदाम से प्राप्त कर रहे हैं. रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने चोरहटा खाद बिक्री केन्द्र का निरीक्षण किया. कमिश्नर ने कहा कि टोकन और खाद वितरण की समुचित व्यवस्था करें जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो. खाद की रैक लगातार आ रही हैं. इसके वितरण के लिए समुचित प्रबंध करें. प्रभारी कलेक्टर डॉ सौरभ सोनवणे ने करहिया मण्डी में तीन काउंटरों से खाद के लिए टोकन वितरण का जायजा लिया. प्रभारी कलेक्टर ने किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि यूरिया खाद लगातार प्राप्त हो रही है. पिछले एक सप्ताह से इसका लगातार वितरण किया जा रहा है. डबल लॉक केन्द्रों के साथ-साथ सहकारी समितियों में भी यूरिया उपलब्ध है. किसान आगामी एक सप्ताह की आवश्यकता के अनुसार खाद प्राप्त करें. करहिया कृषि उपज मण्डी में अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन, तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला तथा नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला द्वारा टोकन वितरण की समुचित व्यवस्था की गई. किसानों को शेड में कतारबद्ध करके टोकन वितरित किए गए.
