
शाजापुर, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना की अध्यक्षता में सोमवार को समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई. कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान वर्ष 2024-25 की आंगनवाड़ी भवनों को आज दिनांक तक पूर्ण नहीं करने पर संबंधित सब इंजीनियरों एवं ग्राम पंचायत सचिवों का वेतन रोकने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ को दिए. साथ ही उन्होंने वर्ष 2025-26 की अपूर्ण आंगनवाड़ी भवनों को भी पूर्ण करने के निर्देश दिए.
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 अंतर्गत लगाए गए शिविरों में प्राप्त शिकायतों व समस्याओं के आवेदनों की विस्तारपूर्वक समीक्षा कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को उक्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संतुष्टि के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों के छात्रावासों में जाकर साफ-सफाई, पेयजल, भोजन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं आदि का निरीक्षण करें एवं इसकी जानकारी दें. साथ ही विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त करें. इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री मनीषा वास्कले, अनुविभागीय अधिकारी गुलाना सुश्री नेहा गंगारे, शुजालपुर श्रीमती अंकिता पाटकर, डिप्टी कलेक्टर जगदीश वर्मा व श्रीमती सीमा कनेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
अवैध उत्खनन करने वालों पर कार्यवाही करे
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने, सहकारिता विभाग की समीक्षा में धारा-85 के प्रकरणों में दो सप्ताह में वसूली कर प्रगति लाने, खनिज विभाग के अधिकारी को अवैध उत्खनन करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
दो तहसीलदार को शोकाज नोटिस…
कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को शेष रहे किसानों की फार्मर आईडी बनाने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने फार्मर आईडी कार्य में रुचि नहीं लिए जाने के कारण कालापीपल एवं पोलायकलां तहसीलदार को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सीएमएचओ एवं सीएस को नियमित रूप से स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण करने, जिला चिकित्सालय में ईलाज कराने आए मरीजों का आयुष्मान कार्ड बनाने एवं उनका ईलाज कराने, गर्भवती माताओं की समग्र ईकेवायसी कराने, एएनसी रजिस्ट्रेशन कराने सहित अन्य निर्देश दिए.
