इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र के भवानी नगर में एक मकान के डिस्मेंटल कार्य के दौरान छत और पिलर गिरने से दो मजदूर मलबे में दब गए. सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. दोनों मजदूर सगे भाई बताए जा रहे हैं.एसीपी रुबिना मिजवानी ने बताया कि भवानी नगर में रहने वाले मकान मालिक मनीष जैन का मकान सड़क से नीचा हो जाने के कारण उसे डिस्मेंटल किया जा रहा था.
इसके लिए क्षेत्र के ही निवासी सुरेंद्र सिसोदिया को ठेका दिया गया था. सोमवार शाम मजदूर मकान के हिस्से को तोड़ने का काम कर रहे थे, तभी अचानक छत और पिलर का हिस्सा गिर गया और दो मजदूर मलबे में दब गए. हादसे में 25 वर्षीय सतीश ठाकरे और 22 वर्षीय सोनू ठाकरे मलबे में फंस गए. दोनों सगे भाई देवास जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र के पिपलिया गांव के निवासी हैं और मजदूरी का काम करते हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय रहवासियों की मदद से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए अरविंदो अस्पताल भिजवाया. एसीपी का कहना है कि दोनों मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है. फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
