सिंगरौली:जिले के सरई तहसील क्षेत्र के ग्राम लोहरा डोल में 8 मई की दोपहर आग की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। शासकीय स्कूल के निकट नोखेलाल पनिका पिता रामप्यारे पनिका, के कच्चे मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे संपत्ति जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने के लिए जी-जान से प्रयास किए।
घंटों की कड़ी मशक्कत और सामूहिक सहयोग के बाद आग पर नियंत्रण तो पाया गया, लेकिन तब तक नोखेलाल पनिका का पूरा मकान नष्ट हो चुका था। इस हादसे ने उनके परिवार को गहरे आर्थिक और भावनात्मक संकट में डाल दिया है। सूत्रों के अनुसार,आग लगने का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक अनुमान के आधार पर माना जा रहा है कि विद्युत तारों में शॉर्ट सर्किट इस त्रासदी का कारण हो सकता है।
