जबलपुर: सुंदरलाल पटवा राष्ट्रीय नगरीय प्रबंधन संस्थान, भोपाल में नरचरिंग नेबरहुड्स 2.0 विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि शहरों की योजना और विकास करते समय छोटे बच्चों तथा उनके देखभालकर्ताओं की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अर्बन 95 दृष्टिकोण के माध्यम से सुरक्षित, समावेशी और बाल-अनुकूल शहरी वातावरण विकसित करने पर विशेष जोर दिया। कार्यशाला में विभिन्न नगरीय निकायों के अधिकारियों ने भाग लेते हुए बाल एवं केयरगिवर फ्रेंडली शहरों के निर्माण की दिशा में अपने अनुभव और विचार साझा किए। इंदौर और जबलपुर के अनुभव प्रस्तुत किए गए तथा सभी नगरीय निकायों में इस दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए कोर ग्रुप एवं अर्बन95 रिसोर्स किट जैसी पहलों की जानकारी भी दी गई।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने जबलपुर में छोटे बच्चों और उनके देखभालकर्ताओं के लिए किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं पहलों की जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने देश के प्रथम खेल मास्टर प्लान की अवधारणा को जबलपुर में मूर्त रूप देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों और उसकी विशेषताओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने शहरों को सबसे छोटे नागरिकों के लिए बेहतर बनाते हैं, तो वे सभी के लिए बेहतर बनते हैं। कार्यशाला में जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सी.ई.ओ. देवेंद्र सिंह चैहान, सहायक नोडल अधिकारी एन.एन. 2.0 बालेंद्र शुक्ला, डाटा मैनेजमेंट ऑफिसर अंकुर खरे, सहायक अर्बन प्लानर अर्पित नेमा एवं मैनेजर ई-गवर्मेंट गजेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
