ब्यावरा: ब्यावरा के कटारियाखेड़ी निवासी 23 वर्षीय बाइक सवार युवक की गाय से टकराने के बाद मौत हो गई। यह हादसा रविवार को गांव नरसिंहपुरा के समीप हुआ। गंभीर चोटें आने के बाद युवक को भोपाल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बाइक की रफ्तार बहुत ज्यादा थी।
मृतक की पहचान राहुल पिता देवीसिंह सोंधिया (23) के रूप में हुई है। राहुल रविवार को त्योहार मनाकर राजगढ़ से अपनी बाइक पर अपने पैतृक गांव कटारियाखेड़ी लौट रहा था। उसके साथ उसका दोस्त महेश भी था। रास्ते में उनकी बाइक एक गाय से टकरा गई, जिससे दोनों घायल हो गए।
टक्कर के बाद राहुल सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए भोपाल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। उसका साथी महेश भी इस हादसे में घायल हुआ है।
हादसे के बाद रविवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। राहुल का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव कटारियाखेड़ी में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित शामिल हुए।
राहुल शादीशुदा था और कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। उसका एक बड़ा भाई भी है। उसकी असामयिक मृत्यु से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। बताया गया है कि घटना से एक दिन पहले उसने परिवार के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया था।
देहात थाना पुलिस के एएसआई गुलाब सिंह धाकड़ ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
