सतना : शारदेय नवरात्र का आरंभ होने पर केंद्रीय जेल परिसर मां की भक्ति में लीन होता नजर आने लगा है. एक ओर जहां नवरात्र की बैठकी के दिन कुल 391 बंदियों द्वारा व्रत रखा गया. वहीं दूसरी ओर बंदियों द्वारा निर्मित माता की प्रतिमा को जेल परिसर में विधि विधान से स्थापित किया गया.
अधीक्षक केंद्रीय जेल सतना श्रीमती लीना कोष्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि शारदेय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर जेल परिसर के अंदर मां की मूर्ति विराजित कर घटस्थापना की गई. इस अवसर पर जेल के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ बंदियों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन किया गया. नवरात्रि की बैठकी के अवसर पर जेल में निरुद्ध कुल 391 बंदियों द्वारा व्रत रखा गया. जिसमें 361 पुरष और 30 महिला बंदी सम्मिलित रहे. बंदियों द्वारा व्रत रखे जाने को देखते हुए जेल प्रशासन द्वारा बंदियों के लिए फलाहार की व्यवस्था की गई. घटस्थापना के अवसर पर जेल अधीक्षक सहित श्रीकांत त्रिपाठी उज जेल अधीक्षक, अनिल प्रताप सिंह सहायक जेल अधीक्षक, जेल स्टॉफ व बंदीगण उपस्थिति रहे.
मां की भक्ति में गरबा
मां दुर्गा की भक्ति में माता को प्रसन्न करने के लिए जेल अधीक्षक सहित महिला स्टॉफ द्वारा गरबा नृत्य किया गया. इसी कड़ी में जेल अधीक्षक ने सभी बंदियों से अपील की कि नवरात्र के 9 दिनों में मां की भक्ति करते हुए सारे दुर्गणों का त्याग कर दें. यही मां की सच्ची भक्ति होगी और मां सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करेंगी. अधीक्षक के अनुसार 9 दिनों तक जेल परिसर में स्टॉफ और बंदीगण भजन कीर्तन करते हुए मां की भक्ति में लीन रहेंगे.
