सीहोर। शहर की खूबसूरती पर घोड़े की नजर आखिरकार भारी पड़ गई. बस स्टैंड के पास टाउनहॉल के सामने बने हरे-भरे उपवन को पिछले कई दिनों से नुकसान पहुंचा रहे एक आवारा स्टाइल घोड़े को नगर पालिका ने रंगे हाथों पकड़ लिया.
मंगलवार को की गई इस कार्रवाई ने न सिर्फ घोड़े की आजादी पर ब्रेक लगाया, बल्कि उसके मालिक के लिए भी मुसीबत की घंटी बजा दी है. दरअसल, नपा ने शहरवासियों को सुकून भरा माहौल देने के लिए लाखों रुपए खर्च कर इस गार्डन को विकसित किया था. हरी-भरी घास और रंग-बिरंगे फूल इसकी पहचान बन चुके थे. लेकिन एक शख्स रोज अपने घोड़े को यहां खुला छोड़ देता था, जो आराम से ‘हरी दावतÓ उड़ाते हुए पूरे गार्डन की सूरत बिगाड़ रहा था. ऊपर से गंदगी फैलाकर हालात और बदतर कर रहा था.
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जब इस ‘घोड़ा आतंकÓ से परेशान होकर शिकायतें कीं, तो नपा हरकत में आई. मंगलवार को टीम ने पूरी तैयारी के साथ घेराबंदी की और मौके पर चर रहे घोड़े को पकड़ लिया. नपा कर्मियों ने घोड़े को रस्सी से बांधकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. अब अगला निशाना है घोड़े का मालिक. नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि उसकी पहचान की जा रही है और सामने आते ही उस पर भारी जुर्माना ठोका जाएगा. साथ ही साफ चेतावनी भी दी गई है—अगर किसी ने भी अपने मवेशियों को सार्वजनिक पार्क या हरियाली वाले क्षेत्रों के अलावा नगर में खुला छोड़ा, तो उनके खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी.
