
रतलाम। शहर के मिड टाउन कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 2 साल की मासूम बच्ची की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
मृतका काव्या, पिता रोहन सबरवाल, सुबह करीब 11:30 बजे घर में खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक परिजनों की नजरों से ओझल हो गई। काफी देर तक बच्ची दिखाई नहीं देने पर परिवार के लोगों ने घर के हर कोने में तलाश शुरू की। दो मंजिला मकान होने के कारण ऊपर-नीचे सभी जगह खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला।
आखिरकार बच्ची के चाचा जुगल ने घर के पोर्च में बनी पानी की टंकी में देखा, जहां काव्या बेसुध हालत में पड़ी मिली। यह दृश्य देखते ही परिवार के होश उड़ गए।
परिजन तत्काल उसे लेकर रोटरी गार्डन के सामने स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन बच्ची को सरकारी मदर चाइल्ड केयर यूनिट (एमसीएच) लेकर पहुंचे, जहां डॉ. प्रतीक आर्या ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन सदमे में थे और उन्हें इस पर यकीन नहीं हो रहा था, इसलिए वे बच्ची को अन्य निजी अस्पतालों में भी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोपहर करीब 1:30 बजे परिजन शव लेकर घर लौटे।
सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि प्राथमिक जांच में बच्ची के खेलते समय टंकी में गिरने की बात सामने आई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है और इस संबंध में लिखित आवेदन भी दिया है। परिवार में हाल ही में शादी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया।
