
बैतूल। बैतूल जिले में स्वास्थ्य विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए सारनी क्षेत्र में कई क्लीनिक और पैथोलॉजी लैबों पर छापेमार निरीक्षण किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े के निर्देश पर गठित टीम ने 28 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए सांई क्लीनिक में संचालक डॉ. श्याम बी. घोटकर (बीएएमएस) को एलोपैथिक पद्धति से मरीजों का उपचार करते पाया। जांच में उनके पास एलोपैथिक दवाओं का स्टॉक भी मिला, जिसे टीम ने जब्त कर संचालक को चेतावनी दी।
वहीं लाइफ केयर पैथोलॉजी लैब में बिना निर्धारित प्रोटोकॉल के सैंपल कलेक्शन किए जाने और आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में लैब को तत्काल सील कर दिया गया। सारनी स्थित अदिति सैंपल कलेक्शन सेंटर भी बिना वैधानिक अनुमति के संचालित पाया गया, जहां बायोमेडिकल वेस्ट का निपटान नियमों के विपरीत किया जा रहा था। इस पर सेंटर को बंद करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा टीम ने वर्धमान क्लीनिक और चैतन्य हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, जहां चैतन्य हॉस्पिटल बिना पंजीयन के संचालित पाया गया। इस पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
