नई दिल्ली, 17 मार्च (वार्ता) आवास एवं अन्य क्षेत्र को वित्तीय सेवा देने वाली गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) पिरामल कैपिटल एंड हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (पीसीएचएफएल) ने पंजाब एंड सिंध बैंक के साथ एक रणनीतिक सह ऋण साझेदारी करने की आज घोषणा की।
कंपनी ने सोमवार को इस सहयोग का उद्देश्य ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में मध्यम और निम्न आय वर्ग के उधारकर्ताओं को ऋण की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इस साझेदारी से उसकी पहुंच और क्षमताओं में वृद्धि होगी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक जयराम श्रीधरन ने कहा, “हमें पंजाब एंड सिंध बैंक के साथ साझेदारी करने की खुशी है। यह किसी प्रमुख वित्तीय संस्थान के साथ हमारी चौथी साझेदारी है, जिससे हम कम सेवा वाले बाजारों में ऋण उपलब्धता को बढ़ा सकें। यह सहयोग हमें भारत के विविधतापूर्ण और विशाल बाजार में और अधिक ग्राहकों तक पहुंचने में मदद करेगा।”
इस साझेदारी के तहत, ग्राहक पहुंच, मजबूत अंडरराइटिंग मानकों और उन्नत क्रेडिट मूल्यांकन उपकरणों का उपयोग किया जाएगा ताकि एमएसएमई गृह ऋण चाहने वालों और अन्य उधारकर्ताओं के लिए ऋण की प्रक्रिया को सरल और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
पिरामल फाइनेंस ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों में प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों पर अनुकूलित ऋण समाधान प्रदान करेगी। इससे वित्तीय समावेशन और आर्थिक विकास को बल मिलेगा, जिससे अधिक लोग औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जुड़ सकेंगे और उन्हें वित्तीय सुरक्षा मिल सकेगी।
