सतवास माया शर्मा हत्याकांड में दूसरे दिन भी साक्ष्य जुटाने में लगी पुलिस, CCTV फुटेज खंगाले

सतवास। पुनर्वास बस्ती में 55 वर्षीय माया शर्मा की हत्या और उनकी बेटी रानू पर जानलेवा हमले के मामले में शुक्रवार को भी पुलिस दिनभर साक्ष्य जुटाने में लगी रही।

मृतका के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया गया तथा शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया, जिनका दोपहर में एक बजे के दरमियान सतवास में अंतिम संस्कार किया गया

पुलिस ने चिन्हित आरोपियों के घरों पर पहुंचकर तलाशी ली और कुछ साक्ष्य जुटाकर थाने लाई। वहीं वारदात से जुड़े क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मामले में दो से तीन आरोपियों को राउंडअप किया है, जिनमें दो के नाबालिग और एक के बालिग होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने अभी आरोपियों की संख्या, गिरफ्तारी और उम्र को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच के दौरान आरोपियों को देर शाम घटनास्थल पर भी ले जाकर वारदात से जुड़े बिंदुओं की पड़ताल की गई।

सूत्रों के अनुसार वारदात के पीछे सोने की चेन लूटने का प्रयास भी एक संभावित एंगल माना जा रहा है। वहीं माया शर्मा पर चाकू और बाट से हमला किए जाने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

गुरुवार देर रात एसपी पुनीत गेहलोत खुद पुनर्वास पहुंचे थे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच अधिकारियों से अब तक मिले सुरागों की जानकारी ली थी। एसपी ने महत्वपूर्ण क्लू मिलने और जल्द मामले का खुलासा करने की बात कही थी। शुक्रवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई।

अब पुलिस शनिवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे घटनाक्रम और आरोपियों को लेकर आधिकारिक खुलासा करेगी।

Next Post

अवैध कॉलोनियों पर नगर निगम आयुक्त ने की सख्ती

Fri Sep 11 , 2026
छिंदवाड़ा। बिना अनुमति अवैध कॉलोनी निर्माण एवं नागरिकों को गुमराह कर भूखंड विक्रय करने वालों के विरुद्ध निगम आयुक्त सीपी राय के निर्देश पर कड़ी वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी क्रम में पोआमा एवं वार्ड क्रमांक 25 में बिना अनुमति अवैध तरीके से कॉलोनी विकसित करने पर संबंधित डेवलपर्स […]

You May Like