
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के नरवर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत नरौआ की सरपंच गीता प्रजापति पर फर्जी पट्टा बनवाने की शिकायत नरवर तहसीलदार को की गई है। शिकायत में कहा गया है कि सरपंच गीता प्रजापति ने कूटरचित दस्तावेज लगाकर शासन से फर्जी पट्टा प्राप्त किया है या फिर अपना चुनाव नामांकन में झूठा शपथ पत्र दिया गया है। इस मामले की शिकायत के बाद जांच शुरू हो गई है। नरौआ गांव में निवास करने वाले कृष्णपाल रावत ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत नरौआ की सरपंच गीता प्रजापति पत्नी जगराम प्रजापति ने फर्जी दस्तावेज लगाकर नरवर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 8 में 750 वर्ग फीट का पट्टा प्राप्त किया है और इस पट्टे पर अतिक्रमण कर 2400 वर्ग फीट में निर्माण कर लिया है। प्रथम दृष्टया गीता प्रजापति ग्राम पंचायत नरौआ की वर्तमान में सरपंच है। सरपंच की चुनाव की गाइड लाइन का पढा जाए तो चुनाव लडने वाला व्यक्ति ग्राम पंचायत का निवासी होना आवश्यक है, सवाल उठाया गया है कि अगर गीता प्रजापति नरवर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 8 की निवासी है तो वह ग्राम पंचायत नरौआ की निवासी कैसे हुई। वही किसी भी जनप्रतिनिधि को शासन के नियमानुसार किसी भी प्रकार की सरकारी लाभ वाली सहायता प्राप्त नहीं हो सकती है,इस स्थिति में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने कूटरचित दस्तावेज लगाकर लाभ प्राप्त किया है।
