सतना: विद्यालय में भोजन करने और पानी पीने के बाद खेल रहे एक बालक की अचानक तबियत बिगड़ गई. लेकिन इससे पहले कि उसका उपचार शुरु हो पाता लगभग घंटे भर बाद ही उसने दम तोड़ दिया. बालक की अचानक हुई मौत की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है. जिसके चलते गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करया जाएगा.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के मझगवां विकासखण्ड अंतर्गत संकुल केंद्र पाथर कछार के गोपालपुर स्थित प्राथमिक शाला में हर रोज की तरह बुधवार को वहां पर अध्ययनरत बच्चे पढ़ाई करने के लिए पहुंचे थे. बताया गया ही दोपहर के लगभग 1:15 बजे बच्चों ने दिन का भोजन किया. जिसके बाद सभी बच्चे आपस में खेलने लगे.
इसी कड़ी में राजेंद्र विश्वकर्मा के 5 वर्षीय बेटे उमाकांत विश्वकर्मा ने भी विद्यालय में भोजन किया और फिर वहां पर लगे हैण्ड पंप का पानी पीने के बाद अन्य बच्चों के साथ खेलने लगा. कुछ देर बाद ही उमाकांत की तबियत बिगडऩे लगी. देखते ही देखते उसका पूरा शरीर बुरी तरह से सूज गया. यह देखते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा उमाकांत के परिजनों को सूचना दी गई. भाग कर विद्यालय पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में ही उमाकांत को गांव के ही एक चिकित्सक को दिखाया गया.
बालक के शरीर पर बढ़ती सूजन को देखते हुए उक्त चिकित्सक द्वारा बिना देरी किए उसे मझगवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की सलाह दी गई. लिहाजा बालक को मझगवां ले जाने पर अभी विचार-विमर्श चल ही रहा था कि दोपहर के लगभग 2:30 बजे बालक ने दम तोड़ दिया. यह देखते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. उन्हें समझ में ही नहीं आ रहा था के उनके कलेजे के टुकड़े के साथ पल भर में ऐसा क्या हो गया कि वह उन्हें छोडक़र चला गया.
बरौंधा में होगा पोस्टमार्टम
विद्यालय में खेल रहे बालक की अचानक तबियत बिगडऩे औा कुछ देर बाद मौत हो जाने की घटना की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार सुदामा प्रसाद, बीआरसी जगतेंद्रमणि त्रिपाठी, शिक्षा विभाग के कर्मचारी और बरौंधा थाने का पुलिस बल गोपालपुर गांव पहुंच गया. जहां पर रोते-बिलखते परिजनों को समझाइस देते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी किया गया. इसी कड़ी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बरौंधा स्थित मर्चुरी में भेज दिया गया. जहां पर चिकित्सकों की मौजूदगी में गुरुवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. जिसके बाद ही बालक की मृत्यु का कारण सामने आ सकेगा
