इंदौर:छत्रीपुरा इलाके में एक होटल के बाहर खड़ी कार से गुजरात के व्यापारी का करोड़ों का सोना लेकर उनका ही ड्राइवर फरार हो गया. व्यापारी की शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वारदात को हुए 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन फरियादी 11 दिन बाद पुलिस की शरण में पहुंचा, वहीं आरोपी का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है.
गुजरात के अहमदाबाद निवासी धर्मेंद्रभाई की अंकित गोल्ड ज्वेलरी नाम से सोने-चांदी की दुकान है. उन्होंने इंदौर पुलिस को बताया कि उनका ड्राइवर मसरू रबारी निवासी बनासकांठा गुजरात करीब 4 किलो 800 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4.80 करोड़ रुपए बताई जा रही है. धर्मेंद्रभाई ने बताया कि 8 जुलाई को उनके कर्मचारी सौरभ ने ड्राइवर मसरू के साथ कार में जेवर लेकर अहमदाबाद से इंदौर के लिए यात्रा शुरू की थी. रास्ते में लुनावाड़ा और संतरामपुर में कुछ व्यापारियों को माल दिखाया गया और फिर झाबुआ होते हुए वे देर शाम इंदौर पहुंचे.
यहां गंगवाल बस स्टैंड के पास स्थित होटल शिवानी में रुकने का निर्णय लिया. कीमती जेवर कार में होने के कारण ड्राइवर को वहीं रुकने को कहा गया, जबकि कर्मचारी सौरभ पास की दुकान में शेविंग कराने चला गया. जब वह लौटकर आया तो ड्राइवर और कार दोनों गायब थे. फोन लगाने पर ड्राइवर का मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला. घटना की सूचना तुरंत मालिक धर्मेंद्रभाई को दी गई, जिन्होंने सबसे पहले स्थानीय थाने में जानकारी दी. 12 दिन तक व्यापारी ने अपने स्तर पर ड्राइवर की तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो मंगलवार को वह क्राइम ब्रांच पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करवाई.
क्राइम ब्रांच ने मसरू रबारी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और शहर व आसपास के इलाकों में उसके संभावित ठिकानों पर देर रात तक दबिश दी जा रही है. पुलिस ड्राइवर के फोटो और होटल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है. मामले में पुलिस को कुछ तकनीकी सुराग हाथ लगे हैं, जिससे यह माना जा रहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द हो सकती है. मामले में पुलिस का कहना है कि व्यापारी की शिकायत पर चोरी का प्रकरण दर्ज किया है. संदिग्ध ड्राइवर की तलाश में टीमें लगी हैं. घटनास्थल के आसपास के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है
