देश में 40 प्रतिशत बड़े निवेशक, फैमिली ऑफिस डिजिटल परिसम्पत्तियों से हैं जुड़े

नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) देश में डिजिटल परिसम्पत्तियों के बाजार को लेकर एक ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि हर पांच में से दो (40 प्रतिशत) धनी निवेशक और फैमिली आफिस सुरक्षित वर्चुअल डिजिटल परिसम्पत्तियों (वीडीए) से जुड़ चुके हैं।

एएए ग्रेड सुरक्षा वाले वर्चुअल डिजिटल एसेट (वीडीए) एक्सचेंज, बिटडेल्टा इंडिया ने बुधवार को भारत में वर्चुअल डिजिटल परिसम्पत्ति बाजार के निवेशकों पर ” इंडियाज़ वीडीए इन्फ्लेक्शन पॉइंट: मैपिंग द पाथ फ्रॉम क्यूरियोसिटी टू कन्विक्शन’ शीर्षक रिपोर्ट जारी की जिसमें उपरोक्त निष्कर्ष निकाला गया है। बिटडेल्टा इंडिया का कहना है कि यह देश में इस विषय पर ऐसी पहली विस्तृत रिपोर्ट है, जो इस बात का विश्लेषण करती है कि फैमिली ऑफिस और अति-धनी व्यक्ति वर्चुअल डिजिटल एसेट्स (वीडीए) का किस तरह मूल्यांकन कर रहे हैं।

‘फैमिली आफिस’ एक निजी संस्था या सलाहकार व्यवस्था है, जो अति-संपन्न परिवार (यूएचएनआई) की संपत्ति, निवेश, कर, कानूनी और उत्तराधिकार से जुड़े मामलों का एक ही जगह प्रबंधन करता है। डिजिटल परिसम्पत्ति ऐसी कोई भी मूल्यवान चीज़ या फ़ाइल हो सकती है जो डिजिटल रूप में मौजूद होती है, जिस पर किसी स्वामित्व या उपयोग का अधिकार होता है, और जिसको उसके आर्थिक या व्यावहारिक मूल्य के आधार पर खरीदा-बेचा जा सकता है। वर्चुअल डिजिटल सम्पत्ति क्रिप्टो रूप में होती है।

रिपोर्ट का निष्कर्ष है कि धनी निवेशकों में से करीब 45 प्रतिशत दीर्घकालिक आवश्यकता के अनुसार रणनीतिक निवेश की गुंजाइश भी रखते हैं, जबकि 48 प्रतिशत उच्च उतार-चढ़ाव वाले निवेश के साथ सहज है या प्रत्येक निवेश के आधार पर जोखिम का आकलन करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार इससे संकेत मिलता है कि निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता भले ही अलग-अलग हो, लेकिन वीडीए में उनकी भागीदारी काफी हद तक इस इस तरह की सम्पत्तियों के प्रति उनकी समझ और भरोसे पर निर्भर करती है।

बिटडेल्टा इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विकास एम सचदेवा ने कहा, “भारत का वीडीए इकोसिस्टम पिछले कुछ वर्षों में काफी विकसित हुआ है, लेकिन फैमिली ऑफिस और यूएचएनआई इस सम्पति वर्ग का किस तरह मूल्यांकन कर रहे हैं, इसे लेकर हमारी समझ अभी भी सीमित है। हमारा उद्देश्य केवल सुनी-सुनाई बातों तक सीमित रहने के बजाय यह समझना था कि उनके निवेश संबंधी विचारों को कौन-से पहलू प्रभावित करते हैं।”

श्री सचदेवा ने कहा कि इस रिपोर्ट से यह स्पष्ट होता है कि इस एसेट क्लास में रुचि मौजूद है, लेकिन इसे लेकर समझ को और गहरा करने की आवश्यकता है। इसके लिए सर्वे में शामिल हुए 41 प्रतिशत उत्तरदाता मौजूदा निवेश, पूर्व में किए गए निवेश या सक्रिय रूप से संभावनाएं तलाशने के माध्यम से वीडीए से जुड़ चुके हैं, जबकि 68 प्रतिशत लोगों की इसके बारे में अपनी जानकारी को बुनियादी स्तर की मानते हैं।

ऐसे निवेशकों में 60 प्रतिशत उत्तरदाता जानकारी के लिए अपने पेशेवर और व्यक्तिगत संपर्कों के नेटवर्क पर निर्भर करते हैं और इतनी ही संख्या सोशल मीडिया का सहारा लेती है। इसके अलावा, 59 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने नियामकीय अनिश्चितता को एक प्रमुख चिंता बताया है। इन सभी निष्कर्षों से स्पष्ट होता है कि जैसे-जैसे यह पारिस्थितिकी तंत्र विकसित हो रहा है, वैसे-वैसे विश्वसनीय शोध, निवेशकों की बेहतर समझ, उचित मार्गदर्शन और जिम्मेदार बाजार प्रक्रियाओं की आवश्यकता भी बढ़ रही है।”

भारत वेब3 एसोसिएशन के चेयरमैन दिलीप चेनॉय ने कहा, “भारत के निवेश इकोसिस्टम में फैमिली ऑफिस की भूमिका और दृष्टिकोण विशिष्ट है। वे वीडीए जैसे उभरते एसेट क्लास का किस तरह मूल्यांकन करते हैं, यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनका दृष्टिकोण संचालन, जोखिम प्रबंधन, पारदर्शिता और दीर्घकालिक मूल्य को प्राथमिकता देता है।’

 

 

Next Post

एफपीआई की लिवाली से डॉलर की तुलना में रुपया 65 पैसे मजबूत

Wed Nov 25 , 2026
मुंबई, 25 नवंबर (वार्ता) विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) के लिवाल बने रहने से बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 65 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 92.20 रुपये का बोला गया। पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 23 पैसे टूटकर 92.85 रुपये प्रति डॉलर पर बंद […]

You May Like