
सीहोर।बुधवार की सुबह भाऊखेड़ी विद्युत सब स्टेशन कार्यालय पर उस समय अफरा- तफरी का माहौल बन गया जब एक ग्रामीण जान देने की मंशा से ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया. लोगों ने जैसे- तैसे उतारा तो उसने खुद को जेई के कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगाने लगा. लोगों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला. ग्रामीण ने अपने ही पड़ोसियों की प्रताडऩा से तंग आकर यह कदम उठाया था.
बताया जाता है कि विद्युत कंपनी द्वारा आगामी लोक अदालत के लिए बकायादार उपभोक्ताओं को नोटिस थमाए जा रहे हैं. इसी तारतम्य में इछावर तहसील के ग्राम प्रतापपुरा के तीन बकायादार ग्रामीणों को नोटिस दिए गए थे. उन्हें शक था कि उनके ही पड़ोस में रहने वाले जगदीश बागरी ने ही विद्युत कंपनी के लोगों से शिकायत की है. इसके बाद से वह जगदीश पर दबाव बना रहे थे कि उसे ही उनके बकाया बिल की राशि जमा करना पड़ेगी. रोजाना मिलने वाली धमकी से तंग आकर जगदीश बुधवार को भाऊखेड़ी डीसी पर पहुंचा और जेई हीरालाल लखोरे को अपना दुखड़ा सुनाया. उन्होंने जब उसे कुछ देर बाद आने को कहा तो वह वहां से भागा और कुछ दूरी पर स्थित ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया. यह देख आनन- फानन में बिजली की सप्लाई रोकी गई और उसे ग्रामीणों की मदद से नीचे उतारा गया. इसके बाद वह जेई लखोरे के कक्ष में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर फांसी लगाने लगा. यह देख बाहर मौजूद भीड़ ने दरवाजा तोड़ा और उसे बाहर निकाला. इस दौरान सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई थी. तमाम घटनाक्रम के बाद जेई लखोरे ने पुलिस में आवेदन देकर ग्रामीण को धमकाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है. इसके अलावा धमकाने वाले ग्रामीणों को भी जगदीश के समक्ष बुलाकर समझाया गया. तब कहीं मामले का पटाक्षेप हो सका.
