
इंदौर. मारुति नगर चौराहे पर देर रात एक कार हादसे के बाद आग की लपटों में घिर गई. एमपी 04 पीजे 8343 नंबर की कार देर रात करीब पौने बारह बजे किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई. टक्कर के कुछ ही पलों बाद इंजन से धुआं उठने लगा और आग भड़क गई.
गाड़ी में सवार दोनों युवक घबराकर तुरंत कार से कूद गए और वहां से भाग निकले. कुछ ही देर में पूरी कार आग की चपेट में आ गई. सूचना मिलते ही गांधी हॉल फायर ब्रिगेड की टीम, प्रभारी सुशील दुबे के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार किस वाहन से टकराई थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है.
