
सतना।पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के चित्रकूट प्रवास के मद्देनजर एक ओर जहां जिला चिकित्सालय की मेडिकल टीम वहां पर सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय जानकीकुण्ड में तैनात है. वहीं दूसरी ओर वीवीआईपी प्रोटोकॉल के चलते जिला चिकित्सालय में ओटी, आईसीयू सहित कुछ अन्य व्यवस्थाओं को आरक्षित किया गया है. जिसकी वजह से अस्पताल में पूर्व निर्धारित सर्जरी को जहां टाल दिया गया वहीं इमरजेंसी सर्जरी को मॉड्यूलर ओटी में शिफ्ट किया गया.
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती 3 दिन पहले प्रयागराज पहुंची थीं. जहां पर वे गंगा सेवा संकल्प अभियान में शामिल हुईं. इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री का अगला पड़ाव जिले का चित्रकूट क्षेत्र है. जहां पर उन्हें साधू-संतों के साथ भेंट करने के साथ ही कुछ सांकृतिक आध्यात्मिक कार्यक्रमों में सम्मिलित होना है. पूर्व मुख्यमंत्री के जिले में प्रवास के मद्देनजर उनकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चत किए जाने के साथ ही चिकित्सा सेवाओं को भी अलर्ट पर रखा गया है. रेसिडेंसियल मेडिकल ऑफिसर जिला चिकित्सालय सतना डॉ. शरद दुबे ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री के चित्रकूट पहुंचने से पहले ही मेडिकल टीम को वीआईपी किट के साथ अस्पताल से रवाना कर दिया गया था. अस्पताल की मेडिकल टीम चित्रकूट में स्थित सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय जानकीकुण्ड में तैनात है. इसी कड़ी में वीवीआईपी प्रोटोकॉल के मद्देनजर जिला चिकित्सालय में एक ऑपरेशन थियेटर को आरक्षित रखा गया है. इसके साथ ही आईसीसीयू में 2 बेड भी आरक्षित किया गया है. इसके अलावा 5 युनिट एबी पॉजिटिव रक्त को भी रिजर्व कर लिया गया है. ताकि किसी भी समय आपातकालीन स्थिति का सामना होने पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
पूर्व निर्धारित सर्जरी टली
वीवीआईपी प्रोटोकॉल की वजह से जिला चिकित्सालय के ऑपरेशन थियेटर को आरक्षित किया गया है. जिसके चलते सभी आपातकालीन ऑपरेशन्स गुरुवार को मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर में किए गए. इसके साथ ही प्रसूता वार्ड में भी सभी प्रकार की सर्जरी नियमित तौर पर की गईं. हलांकि ऑपरेशन थियेटर के आरक्षित होने का खामियाजा उन मरीजों को उठाना पड़ा जिनकी सर्जरी पूर्व निर्धारित थी. गुरुवार को अस्पताल में पूर्व निर्धारित सभी सर्जरी को टाल दिया गया. जिसे लेकर कुछ मरीजों द्वारा आपत्ति भी जताई गई.
